मैनपुरी में शनिवार को बारिश के बीच बिजली गिरने से एक किशोर सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, वृद्ध सहित दो लोग झुलस गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनाएं एलाऊ और दन्नाहार क्षेत्र में हुईं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव म्योरा चक अबदुल्लापुर निवासी कायम सिंह का पुत्र पियूष पाल उर्फ भोला (17) शनिवार की शाम करीब तीन बजे चचेरे भाई अंकित पाल के साथ खेत पर बकरियां चराने के लिए गया था। जिस समय दोनों बकरियां चरा रहे थे। तब हल्की-हल्की बारिश हो रही थी। बकरियां चराने के दौरान अचानक दोनों पर बिजली गिर गई। हादसे में पियूष पाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, अंकित बिजली गिरने के बाद बेसुध होकर गिर गया। आसपास के लोगों ने परिजन को सूचना दी। आनन-फानन दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने पियूष को मृत घोषित कर दिया।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव रठेरा निवासी विनोद कुमार (55) शाम के समय टिंडौली रेलवे स्टेशन के पास मवेशी चराने के लिए गए थे। तभी बारिश के बीच उन पर बिजली गिर गई। वह अचेत होकर गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने परिजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन एक निजी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। दन्नाहार क्षेत्र के गांव जसवंतपुर निवासी ममता देवी (36) शनिवार को खेत पर गईं थीं। शाम के समय वह खेत से वापस घर लौट रहीं थीं। तभी बूंदाबांदी तेज हो गई। अचानक तेज आवाज के साथ ममता पर बिजली गिरी और मौके पर ही मौत हो गई। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं, थाना क्षेत्र के गांव झंडेेहार निवासी वृद्ध रामब्रेश शनिवार की शाम बकरियां चराने के लिए खेत पर गए थे। वहां बारिश के बीच अचानक बिजली कड़की और वृद्ध पर गिरी। बिजली गिरने से वृद्ध झुलस गए। ग्रामीणों ने परिजन को सूचना दी। इसके बाद परिजन ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बिजली गिरने से रामब्रेश की तीन बकरियोंं भी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कराया है।