30एमएनपी-10-मृतक संदीप का फाइल फोटो
- फोटो : MAINPURI
औंछा। थाना क्षेत्र के गांव नगला रामसिंह के पास बाइक सवार अधिवक्ता दंपती को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अधिवक्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया।
इधर, थाना एलाऊ क्षेत्र अंतर्गत किशनी मार्ग पर रविवार रात बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे ने आगरा ले जाते समय दम तोड़ दिया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक त्योहार की खरीदारी करने के बाद घर लौट रहे थे।
थाना क्षेत्र के गांव नगला हार निवासी अधिवक्ता संदीप यादव (32) शहर के रामलीला मैदान के निकट परिवार के साथ रहते हैं। त्योहार पर वह पत्नी के साथ गांव नगला हार गए थे। दोपहर करीब एक बजे होली खेलने के बाद वह पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
नगला रामसिंह के पास बने प्रतीक्षालय के सामने एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में संदीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया।
इधर थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नगला सुम्मेर निवासी सुघर सिंह उर्फ सुभाष (35) रविवार शाम त्योहार की खरीदारी करने शहर के बाजार गए थे। उनके साथ बाइक पर गांव निवासी सचिन (19) भी था। देरशाम खरीदारी करने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे।
किशनी मार्ग पर पैराडाइज स्कूल के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सुभाष ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सचिन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा ले जाते समय सचिन ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिए।