स्वर्ण और हीरे के आभूषणों पर एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी लगाने के विरोध में ताजनगरी के सराफा कारोबारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखे। तीन दिन तक प्रतिष्ठान बंद रखने का एलान व्यापारियों ने किया है। सहालग में तीन दिनों की बंदी से करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित होगा, वहीं सरकार को भी टैक्स का नुकसान पहुंचेगा।
शहर में प्रमुख बाजार किनारी बाजार, जौहरी बाजार, नमक की मंडी, चौबे जी का फाटक, शाहगंज, न्यू आगरा, कमला नगर, एमजी रोड, राजपुर चुंगी सहित देहात के फतेहाबाद, किरावली, शमसाबाद, खेरागढ़, एत्मादपुर में प्रतिष्ठान बंद रखे गए। जिले भर के सराफा व्यापारियों की बैठक बुधवार सुबह चौबे जी के फाटक किनारी बाजार में श्री सराफा कमेटी अध्यक्ष आनंद अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। वक्ताओं ने कहा कि जब यूपीए सरकार ने एक्साइज ड्यूटी लगाई थी तब भाजपा ने कंधे से कंधा मिलाकर विरोध किया, लेकिन सत्ता में आते ही भाजपा नेताओं ने सराफा व्यापारियों की पीठ में छुरा घोंप दिया है। व्यापारियों ने कहा कि काले कानून के खिलाफ तीन दिन तक सराफा प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। करीब आठ हजार सराफा प्रतिष्ठानों के ताले नहीं खुले।
कमेटी के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि एक्साइज ड्यूटी से छोटे-बड़े सभी ज्वेलर्स का काम करना मुश्किल हो जाएगा। व्यापारियों को कई विभागों के चक्कर काटने पड़ जाएंगे। इतने टैक्स का हिसाब रखना भी मुश्किल हो जाएगा। पहले ही पैन कार्ड की अनिवार्यता से कारोबारी परेशान हैं।
सभा में मुरारी लाल फतेहपुरिया, पवन दौनेरिया, देवेंद्र दौनेरिया, सुधीर गुप्ता, मोहन लाल अग्रवाल, मनोज गुप्ता, राजेंद्र, सोनू अग्रवाल, उत्तम चंद्र, विजय कुमार, राजेश हेमदेव, सुनील वर्मा आदि मौजूद रहे।
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में अभी तो तीन दिन तक हम प्रतिष्ठान बंद कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने इसे वापस न लिया तो पिछले बार की तरह अनिश्चितकालीन बंदी भी कर सकते हैं।
- देवेंद्र गोयल
सचिव, श्री सराफा कमेटी
केंद्र सरकार एक तरफ तो जीएसटी लाने वाली है। दूसरी तरफ नई कमोडिटी पर टैक्स लगाकर टैक्स के चक्रव्यूह में व्यापारियों को फंसा रही है। तीन साल पहले इन्हीं नेताओं ने एक्साइज ड्यूटी का विरोध किया था। प्रतिष्ठान बंद रखकर हम सरकार तक अपनी आवाज पहुंचा रहे हैं।
- राजेश हेमदेव
अध्यक्ष, ज्वैलर्स एसोसिएशन
21 दिन बंद रहा था बाजार
साल 2012 में यूपीए सरकार ने बजट में एक फीसदी एक्साइज ड्यूटी सोने के आभूषणों पर लगाई थी। तब देश भर के साथ आगरा के व्यापारियों ने एक दो दिन नहीं, बल्कि पूरे 21 दिन तक बाजार बंद रखकर इसका विरोध किया था। तब सरकार को झुकना पड़ा था और मई में ही यह प्रावधान वापस हुआ।
आज किनारी बाजार तिराहे पर सभा
श्री सराफा कमेटी अध्यक्ष आनंद अग्रवाल के मुताबिक, गुरुवार सुबह 11 बजे से 2 बजे तक सभी सराफा व्यापारियों का धरना और फिर सभा किनारी बाजार तिराहे पर होगी। धरने के बाद वित्त मंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया जाएगा। सभी व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रख सभा में आने का आह्वान किया गया है। चार मार्च को एमजी रोड स्थित सराफा प्रतिष्ठान पर धरना दिया जाएगा।
वहीं एत्मादपुर में श्री बिहारीजी मंदिर परिसर में हुई बैठक लाल बिहारी गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, अजय प्रकाश गुप्ता, पीयूष गुप्ता, हजारीलाल, संदीप आदि शामिल रहे।