आगरा। 41वीं यूथ राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए उत्तर प्रदेश की बालिका टीम पुणे, महाराष्ट्र रवाना हो गई है। 27 अक्तूबर से तीन नवंबर तक होने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम में आगरा की दीपिका, हर्षिता और दीक्षा को भी जगह मिली है।
उत्तर प्रदेश की टीम में आगरा की खिलाड़ियों के अलावा बुलंदशहर से साधना, अनुष्का कश्यप और आराध्या, वाराणसी से कामना, मेरठ से कनिष्का और प्रिया, लखनऊ से अनुष्का पांडा, हापुड़ से दीया और प्रयागराज से मनु शामिल हैं। टीम के मुख्य प्रशिक्षक आगरा के रहने वाले श्यामवीर सिंह हैं, जो पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। सहायक प्रशिक्षक की जिम्मेदारी कन्हैया पाठक संभालेंगे। टीम की घोषणा पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव डॉ. हरि सिंह और संयुक्त सचिव डॉ. रिनेश मित्तल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।