आगरा। लोहामंडी पुलिस ने फर्जी दस्तावेज से पांच फर्म बनाकर 45 करोड़ रुपये की आईटीसी चोरी मामले में मेरठ के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लैपटॉप और मोबाइल बरामद हुए हैं। वहीं 20 अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि राज्य कर अधिकारी प्रशांत कुमार गौतम ने आईआरएस ट्रेडर्स, बालाजी ट्रेडर्स, आकाश ट्रेडर्स, सिंह ट्रेडर्स और पीके ट्रेडर्स के खिलाफ आईटीसी चोरी का मामला दर्ज कराया था। जांच में सामने आया कि फर्जी दस्तावेज से फर्म खोलकर खरीद-फरोख्त के बिल बनाए गए और आईटीसी चोरी की गई।
पुलिस की पड़ताल में 23 लोगों के नाम सामने आए। इसमें मेरठ के नूर नगर निवासी वसीम रजा, सराय वहलीम निवासी शाकिब और शोएब को गिरफ्तार किया गया है। वहीं राहुल, अंकित, अरशद, मुजफ्फर, वहीद राजपूत, आशीष, जावेद निवासी अहमदाबाद, सोना झा, अनस, आनंद निवासी प्रयागराज, गिरजेश तिवारी, अमित निवासी दिल्ली, अंकुर सिंह, मेरठ निवासी अनीश, अलीगढ़ निवासी ओमकार सहित 5 अज्ञात आरोपी हैं।