सोरोंजी। क्षेत्रीय पुलिस ने गैर इरादतन हत्या, मारपीट के आरोप में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की है।
एक दिसंबर को ओमवती निवासी ग्राम ताखरू ने गांव के ही विजय सिंह, जय सिंह और गांव भरतपुर निवासी गौरव के खिलाफ मारपीट और गैर इरादतन सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ओमवती का आरोप था कि 30 नवंबर को आरोपियों ने उसके घर में घुसकर उसकी, उसके पति अवधेश और अन्य परिवारीजनों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। घटना में अवधेश के गंभीर चोटें आईं और अन्य परिवारीजन भी घायल हुए। इस दौरान अवधेश की मृत्यु हो गई। घटना के बाद से आरोपी पुलिस पहुंच से दूर थे। रविवार को पुलिस ने सीओ अजीत चौहान के नेतृत्व में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि पूर्व के मुकदमे में फरार चल रहे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।