- ससुर और अन्य ससुरालीजन के विरुद्ध दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। पति से गुजारा भत्ता का मुकदमा लड़ रही महिला को ससुरालीजन परेशान कर रहे हैं। 31 दिसंबर को ससुर व अन्य लोगों ने रास्ते में रोक कर जान से मारने की धमकी दी। घबराई पीड़िता ने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के गांव पैरारशाहपुर निवासी प्रीती तिवारी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया। उन्हें बताया कि वह 19 दिसंबर को अपने गुजारा भत्ता की तारीख करने के बाद घर वापस आ रही थीं। तभी कस्बा में पति हरिकांत दुबे को देखकर उन्होंने कहा कि आप मुकदमे में तारीख पर क्यों नहीं आते हो। इसी बात पर पति ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। 31 दिसंबर को वह बाजार से घर वापस लौट रही थीं। तभी रास्ते में सर्विस रोड पर ससुर कमलेश दुबे, जेठ शिवकांत दुबे व अन्य ने घेर लिया। धमकी देने लगे कि तू नहीं मानेगी तुझे काट कर बोरे में भर देंगे। उन्हें जान से मारने की धमकी देकर आरोपी वहां से चले गए। पीड़िता की शिकायत पर एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। शनिवार को करहल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।