कासगंज/सोरोंजी। भीषण गलन एवं कोहरे के बीच पौष पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही शुरू हुआ स्नान का सिलसिला देर शाम तक अनवरत चलता रहा। पारा काफी नीचे होने के बाद भी गंगा घाट पर स्नानार्थियों की काफी भीड़ थी। हरि की पौड़ी सहित कछला, कादरगंज, सहवाजपुर घाट पर श्रद्धालु गंगास्नान को पहुंचे।
बृहस्पतिवार को राजस्थान, एमपी, महाराष्ट्र, गुजरात आदि राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने तीर्थनगरी में तीर्थपुरोहितों से अपने पूर्वजों की आत्मशांति के लिए अनुष्ठान कराने के बाद गंगा में डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा मैया की पूजा अर्चना व आरती कर प्रसाद बांटा। श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी व साथ साथ शूकरक्षेत्र तीर्थं की पंचकोसी परिक्रमा भी की। परिक्रमा मार्ग में बैठे ठंड से ठिठुर रहे गरीब निर्धनों को कंबल व खाने पीने की वस्तुएं दान की। संत आश्रमों में पहुंचकर संत महात्माओं के लिए अन्न क्षेत्र का आयोजन किया। हरि की पौड़ी किनारे क्षेत्राधीश वराह मंदिर, रघुनाथ जी, सोमेश्वर दरबार, द्वारिकाधीश, बालाजी, सिद्ध विनायक, गंगा माता, मानस मंदिर आदि में देव दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं कछला, कादरगंज एवं सहवाजपुर घाट पर गंगास्नान के बाद श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए।