औंछा। गांव गोगादेव से लौट रहे पुलिसकर्मियों पर हुए हमला के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। हालांकि अभी तक कोई आरोपी हाथ नहीं आ सका है।
सोमवार की शाम पीआवी पर तैनात सिपाही यशपाल सिंह चालक विष्णु कुमार के साथ गोगादेव एक दंपती के विवाद की सूचना पर जांच को गए थे। वहां से वापस लौटते समय मोहकमपुर पुलिया के पास रामजी चौहान ने रोककर पिटाई की थी। आरोपी के भाई व एक अन्य ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई व अभद्रता करते हुए यशपाल की वर्दी फाड़ दी थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। बुधवार को भी पुलिस की टीमों ने आरोपियों की तलाश में गांव में कई स्थानों पर दबिश दी। लेकिन कोई भी आरोपी हाथ नहीं आ सका। प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे।