कुरावली नगर के सदर बाजार में जुलूस निकालते हिंदू संगठनों के लोग।
- फोटो : कुरावली नगर के सदर बाजार में जुलूस निकालते हिंदू संगठनों के लोग।
कुरावली। कस्बा निवासी हर्षित गुप्ता की हत्या और खुशी की खुदकुशी के जिम्मेदार आरोपियों को पुलिस बचाने की कोशिश कर रही है। जिम्मेदार लोगों को फांसी की सजा होनी चाहिए। शनिवार की शाम इसी मांग को लेकर हिंदू संगठन के लोगों के साथ मृतक परिजन व कस्बा के लोगों ने पैदल मार्च निकाला। थाने पहुंच कर पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की। प्रभारी निरीक्षक ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मोहल्ला घनराजपुर निवासी खुशी गुप्ता ने कुछ दिन पहले गैर समुदाय के आरोपी की धमकी से परेशान होकर खुदकुशी कर ली थी। आरोपी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। वहीं कासगंज निवासी हर्षित गुप्ता का शव गांव दिवरई स्थित तालाब के पास बने एक कमरे में फंदे पर लटका मिला था। इसमें भी गैर समुदाय के तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मृतक के परिजन का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। शनिवार की शाम मृतक के परिजन हिंदू संगठन व कस्बा के लोगों के साथ एकत्र होकर थाने पहुंचे। पहले पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने को लेकर प्रदर्शन किया। गल्ला मंडी से खुशी गुप्ता और हर्षित गुप्ता के हत्यारे को फांसी देने का बैनर हाथ में लेकर नारे लगाते हुए लोग सदर बाजार पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।