आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में ग्राम पीपल चौकी के पास स्थित केनरा बैंक की शाखा पर सोमवार की रात चोरी का प्रयास किया गया। बैंक के शटर को जैक की मदद से उठाकर चोर भीतर घुस गए। इससे पूर्व उन्होंने बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के तार को काट दिया था। लेकिन, वे कैश नहीं ले जा सके।
घटना से कस्बे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे बैंक स्टाफ ने फतेहाबाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बृजेश कुमार के साथ ही एसपीआरए नित्यानंद राय भी मौके पर पहुंच गए। बाद में फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच की गई। एसपीआरए नित्यानंद राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के डाटा को कवर करने का प्रयास किया जा रहा है। उसके बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
फतेहाबाद के ग्राम पीपल चौकी में केनरा बैंक की शाखा मढ़ायना संचालित है। सोमवार को बैंक के कर्मचारी बैंक बंद करके चले गए। मंगलवार सुबह करीब पौने 9 बजे बैंक परिसर के बेसमेंट में बनी ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाने वाला युवक आया तो उसने ऊपर के हिस्से में बने बैंक का शटर उठा देखा।