मोबाइल की दुकान में चोरों ने शटर उठाकर की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
पीपीई किट (पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट्स) पहनकर चोरों ने गुरुवार की देर रात थाना गोविंद नगर से सौ कदम की दूरी पर स्थित मोबाइल शोरूम से लाखों रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए। चोर स्विफ्ट डिजायर कार से आए थे और शटर तोड़कर दुकान में घुसे थे। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
मथुरा-वृंदावन रोड पर थाना गोविंद नगर से करीब सौ कदम की दूरी पर धर्मेंद्र किशोर अग्रवाल निवासी कौशल नगर वृंदावन का राधे-राधे मोबाइल शोरूम है। गुरुवार की रात 11 बजे तक शोरूम खुला। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे शोरूम के निकट रहने वाले सेल्समैन और धर्मेंद्र के एक रिश्तेदार ने शोरूम का शटर टूटा हुआ देखा तो धर्मेंद्र को फोन से जानकारी दी।
पुलिस को सूचना देने के बाद धर्मेंद्र शोरूम पर आ गए। शटर खोलकर देखा तो लाखों रुपये के मोबाइल फोन के चोरी होने की जानकारी हुई। शोरूम स्वामी के अनुसार करीब 40 लाख रुपय के मोबाइल चोर ले गए। थाना गोविंद नगर प्रभारी अजय कुमार सिंह शोरूम पर पहुंच गए और छानबीन की। सीओ सिटी वरुण कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।