टूंडला (फिरोजाबाद)। सोमवार रात्रि एक घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर घर से लाखों रुपये के आभूषण व हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। मामले में पीड़ित ने पुलिस में अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी है।
नगर के अनामिका टॉकीज के समीप रहने वाले कमल गौतम पुत्र श्रीराम गौतम 31 मई को अपने किसी कार्यवश घर का ताला लगाकर परिवार सहित आगरा गए हुए थे। मंगलवार सुबह वह आगरा से वापस घर पहुंचे तो देखा कि मैन गेट का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर का नजारा देखा तो घर में चारों तरफ सामान बिखरा हुआ पड़ा था। अलमारी टूटी हुई थी।
अलमारी में रखे 18 हजार रुपये नकद, सोने की जंजीर, पायल, कमर की करधनी एवं अन्य कीमती सामान व कपड़े अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। पीड़ित ने घटना के संबंध में पुलिस में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। थाना प्रभारी केडी शर्मा का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोर पुलिस गिरफ्त में होंगे।
फोटो-