सोरोंजी। तीर्थनगरी के बदरिया निवासी एक सिख परिवार उत्तराखंड में नानकमता की तीर्थयात्रा पर गया था। इसबीच बंद पड़े मकान के मुख्य दरवाजे का कुंडा तोड़कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान चोर लाखों रुपये मूल्य के जेवर और नकदी चुराकर ले गए। पड़ोसियों ने इस घटना की सूचना पीड़ित परिवार को दी। सूचना मिलने पर घर लौटे परिजन ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बदरिया निवासी गीता देवी अपने परिवार के साथ 17 अप्रैल को उत्तराखंड के काशीपुर व नानकमता की तीर्थयात्रा पर गई हुईं थी। 24 अप्रैल की सुबह उन्हें पड़ोसियों से सूचना मिली कि उनके घर के मुख्य दरवाजे का कुंडा टूटा पड़ा है। गीता देवी सूचना पर घर वापस लौटी।
उन्होंने अंदर कमरे में रखी अलमारी के दोनों लॉकर टूटे हुए थे। जिनमें रखी 8500 रुपये की नकदी, आठ ग्राम सोने की दो जेंट्स अंगूठी, तीन लेडीज अंगूठी, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, एक ओम लॉकेट, सोने की नथ, चांदी की कुंदनी, चांदी के बिछिया, चांदी का हाथफूल, 23 चांदी के सिक्के, तीन जोड़ी चांदी के लच्छे, चांदी के दो जोड़ी बाजूबंद, एक जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की चेन, चांदी की पायल गायब मिली।
गीता देवी ने पुलिस को मामले की सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक भोजराज अवस्थी ने बताया कि चोरी की तहरीर मिल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।