घने कोहरे की आड़ लेकर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में बीएसए फैक्टरी के सामने स्थित देसी शराब के ठेके को निशाना बनाते हुए चोरों ने शनिवार देर रात छत तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन
रात के अंधेरे और घने कोहरे का फायदा उठाकर चोर ठेके की छत काटकर भीतर घुस गए। चोरों ने वहां रखी देसी शराब की सात पेटियां और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए।
सुबह करीब 8 बजे आसपास के दुकानदारों ने ठेके की छत टूटी और अंदर सामान बिखरा देखा तो उन्होंने ठेका संचालक रमन सिंह को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर जब संचालक ने ठेके के भीतर का नजारा देखा तो उसके होश उड़ गए।
विज्ञापन
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। ठेका संचालक की तहरीर के आधार पर चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।