आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र में चोरों ने आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष के बंद मकान को निशाना बना लिया। मेन गेट और कमरों का ताला तोड़कर चोर नकदी और लाखों के गहने लेकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से चोरों की तलाश में लगी है। परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था।
रजत कुटीर संत विहार दयालबाग निवासी नरेश कुमार गुप्ता ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 3 अप्रैल को वह परिवार के साथ अपनी भतीजी की शादी में झारसुगुड़ा ओडिशा गए थे। मकान के मेनगेट से ताला लगा था। 6 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे पड़ोसी प्रवीण गौतम ने घर का दरवाजा खुला होने की सूचना दी। तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
सात अप्रैल की रात करीब 11 बजे वह परिवार के साथ घर लौटे, देखा तो मेनगेट का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो ऊपर-नीचे के सभी कमरों के दरवाजों के ताले टूटे पड़े थे। सभी अलमारियां खाली थीं। सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। चोर सोने-चांदी के गहने, नकदी और शादी के लिए रखे नए कपड़े चुराकर ले गए।