आगरा में थाना कमला नगर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग के पांच सदस्यों को जेल भेजा था। उन्हें पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। इसके बाद लखनऊ और बिहार से चोरी की गई क्रेटा और जेस्ट गाड़ी को बरामद कर लिया गया। अभी और गाड़ियां बरामद की जानी है। इसके लिए गैंग को दोबारा रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करेगी।
सीओ हरी पर्वत एएसपी सत्यनारायण ने बताया कि 27 जुलाई को थाना कमला नगर, न्यू आगरा और हरी पर्वत पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इनमें मैनपुरी निवासी आदित्य, फिरोजाबाद निवासी मोहम्मद आरिफ, कानपुर निवासी जयप्रकाश पांडे उर्फ छोटू, बिहार के सिवान निवासी प्रेम कुमार कुशवाह और प्रयागराज निवासी विपिन कुमार केसरवानी शामिल थे। गिरोह के सदस्य विभिन्न उपकरणों की मदद से लग्जरी गाड़ियां चोरी करते थे। उनसे एक स्विफ्ट गाड़ी बरामद की गई थी। आरोपियों को जेल भेजा गया था।
आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर 31 जुलाई से लेकर तीन अगस्त तक पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। उसके बाद उनकी निशानदेही पर दो क्रेटा गाड़ी और एक जेस्ट गाड़ी को बरामद किया गया। आरोपियों ने एक क्रेटा गाड़ी को लखनऊ की एलडीए कॉलोनी से एक महीने पहले चोरी किया था। इस मामले में थाना आशियाना में मुकदमा दर्ज है।
वहीं दूसरी क्रेटा गाड़ी को दो सप्ताह पहले एलडीए कॉलोनी से चोरी किया था। जेस्ट गाड़ी को बिहार से चोरी करके लाए थे। सभी सदस्य ऑन डिमांड कार चोरी किया करते थे। उनकी नंबर प्लेट बदलकर चेसिस नंबर मिटाकर ग्राहक को देते थे। पूछताछ में उन्होंने प्रयागराज और बिहार में भी कई कारों को छुपाया जाना बताया है। इसके लिए दोबारा रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। कारों की बरामदगी की जाएगी।