आगरा में कपड़ा व्यापारी के गोदाम में पूर्व कर्मचारी ही चोरी कर रहे थे। चोरी का माल खरीदने वाला एक खरीदार मालिक के शोरूम पर ही कपड़ों का सैंपल दिखाने पहुंच गया। इस पर व्यापारी ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तीन खरीदार सहित चार आरोपी पकड़ लिए।
थाना हरीपर्वत के जानकी भवन निवासी प्रमोद कुमार तिवारी का शीतला गली में रेडीमेड कपड़ों का गोदाम है। वहीं गोदाम के पीछे प्रगति मॉल में शोरूम है। शोरूम से पिछले दिनों 25 बंडल कपड़े और कैश चोरी कर लिया गया था। इस मामले में थाना एमएम गेट में मुकदमा दर्ज कराया था।
दो दिन पहले प्रमोद कुमार के शोरूम में एक व्यक्ति आया। उसने कपड़ों का सैंपल दिखाया। जिन कपड़ों को दिखाया, वो प्रमोद कुमार के गोदाम से चोरी हुए थे। हालांकि उक्त व्यक्ति चला गया। व्यापारी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच कर चार आरोपियों को पकड़ लिया।