लोक अदालत की प्री ट्रायल बैठकें होंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर दीवानी परिसर में नौ सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत लगेगी। राष्ट्रीय लोक अदालत में सूचीबद्ध किए गए मुकदमों को दोनों पक्षों की आपसी सहमति से निपटाया जाएगा। इसके लिए दस अगस्त से प्री ट्रायल बैठकें होंगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जिला जज के निर्देश पर पांच प्री ट्रायल बैठकों की तारीखें तय कर दी गई हैं। दस अगस्त को बैंकों से संबंधित मुकदमों की प्री ट्रायल बैठक होगी। 17 अगस्त को मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में सड़क दुर्घटना के संबंधित मुकदमों की प्री ट्रायल बैठक होगी। 23 अगस्त को पारिवारिक विवाद से संबंधित मुकदमों की प्री ट्रायल बैठक होगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव/सिविल जज नम्रता सिंह ने बताया कि 29 अगस्त को बैंकों से संबंधित मुकदमों की प्री ट्रायल बैठक होगी। अगली बैठक 11 सितंबर को पारिवारिक विवाद से संबंधित मुकदमों की प्री ट्रायल बैठक होगी। इस संबंध में संबंधित सभी अधिकारियों को मुकदमे सूचीबद्ध करने को कहा गया है।