आगरा। सुल्तानगंज की पुलिया पर मेट्रो ट्रैक निर्माण की वजह से पानी की लाइन की शिफ्टिंग का कार्य हो रहा है। शनिवार को दिनभर कमला नगर के ब्लॉकों, घटवासन व आसपास के क्षेत्राें में दिनभर जलापूर्ति बाधित रही। हालांकि दिनभर में भी लाइन शिफ्ट होने का काम पूरा न होने की वजह से रविवार को भी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकेगी।
जलकल के महाप्रबंधक अरुणेंद्र राजपूत ने बताया कि मेट्रो को जिस जगह पर पिलर बनाना था, वहां से जलकल की सप्लाई लाइन गुजरी है। इस लाइन से कमला नगर के ए, बी, एफ, जी ब्लाक, मुगल रोड, न्यू आगरा, रामू कुंज, कावेरी कुंज, शिवपुरी, बल्केश्वर व घटवासन क्षेत्र में पानी की आपूर्ति होती है।
मेट्रो ने एक दिन में लाइन शिफ्ट करने की बात कही थी। इसी के बाद शनिवार को पानी की आपूर्ति बंद करने का फैसला लिया गया। हालांकि ठेकेदार के काम में ढिलाई बरतने की वजह से काम पूरा नहीं हो सका है। अब रविवार को भी सुबह के समय इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी। दोपहर तक काम पूरा हो जाएगा तो शाम को पानी की आपूर्ति की जाएगी।
इससे पहले शाहगंज क्षेत्र में नाला निर्माण के कारण पानी की लाइन टूटने के बाद शनिवार को सुबह क्षेत्र की आपूर्ति बाधित रही। महाप्रबंधक ने कहा कि जलापूर्ति के लिए 18002702722 नंबर पर कॉल कर आवश्यकता अनुसार लोग टैंकर मंगा सकते हैं।