कासगंज। गंजडुंडवारा में सहावर बस अड्डे के पास स्थित निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद सोमवार रात हंगामा हुआ। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल को सील करने की मांग की। सूचना पर पुलिस फोर्स और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने महिला का पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया। गंजडुंडवारा स्थित न्यू लाइफ लाइन अस्पताल में सोमवार को पटियाली के मोहल्ला मुल्ला तोला निवासी अरीबा ( 24 साल) पत्नी फहीम अख्तर को सोमवार की सुबह डिलीवरी के लिए भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर दिनभर इलाज में लापरवाही बरतते रहे जिससे महिला की हालत गंभीर हो गई। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में महिला की मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। हंगामा कर रहे परिजनों को समझ कर शांत कराया। परिजनों ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया। मामले की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची है।