सहावर गेट अंडरपास में पानी भर जाने से ओचई पोल क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर पहुंचे रेलवे अधिका
कासगंज। सोमवार तड़के शुरू हुए बारिश के कहर ने आम जनजीवन ही प्रभावित नहीं किया जबकि बारिश के कहर का असर सार्वजनिक सेवाओं पर भी पड़ा। ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। बारिश के पानी से निर्माणाधीन अंडरपास जगह-जगह से धंस गया और उसमें पानी भर गया। पानी ओवरफ्लो होकर रेलपथ पर आ गया जिससे मिट्टी का कटान होने लगा। स्थिति बिगड़ती देख तत्काल रेल यातायात रोका गया। इस दौरान पांच यात्री ट्रेनें और चार मालगाड़ी प्रभावित हुईं। कासगंज-कानपुर रेलमार्ग के क्रॉसिंग संख्या 310 पर निर्माणाधीन अंडरपास तेज बारिश के कारण जलभराव होने से उफनने लगा। वहीं शहर की ओर से रेलवे की ओर जाने वाले नाले भी ओवरफ्लो थे जिससे अंडरपास और नाले का पानी रेलवे ट्रैक पर आ गया। पटरी के नीचे मिट्टी कट गई। वहीं अंडरपास के धंसने के कारण ओवरहेड इलेक्टि्रक (ओएचई) का पोल क्षतिग्रस्त होकर झुक गया। जानकारी मिलते ही तत्काल रेल प्रशासन ने रेल यातायात रोक दिया। कासगंज से कानपुर की ओर आने जाने वाली ट्रेनों को जहां-तहां रोका गया। इससे पांच यात्री ट्रेनें प्रभावित हुईं। ट्रेन संख्या 09185 मुंबई से कानपुर जा रही थी। यह ट्रेन तीन घंटे तक जंक्शन पर रुकी रही। वहीं ट्रेन संख्या 15041 फर्रुखाबाद से कासगंज की ओर आ रही थी। इस ट्रेन को बढ़ारीकलां रेलवे स्टेशन पर रोका गया। इसके बाद इस ट्रेन को बढ़ारी कला से ही कानपुर-अनवरगंज की ओर बनाकर भेजा गया। इसके अलावा ट्रेन संख्या 55344 फर्रुखाबाद-कासगंज को भी बढ़ारीकला पर रोका गया। ट्रेन संख्या 15030 गोरखपुर-पुणे को भी बीच में ही रोकना पड़ा। इन पांच यात्री गाड़ियों के अलावा चार मालगाड़ियां भी प्रभावित हुईं जिन्हें अलग-अलग स्थानों पर रोका गया। करीब सात घंटे तक ओएचई और रेलपथ पर मरम्मत का कार्य किया गया। रेलपथ सही होने के बाद ट्रेनें रवाना की गईं।