बिहार में भारतीय जनता पार्टी को मिली करारी हार के बाद पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को हटाने की मांग होने लगी है। कार्यकर्ता कार्रवाई के डर से सीधे तौर पर तो कुछ नहीं कह रहे हैं, लेकिन गुपचुप तरीके से एक बार फिर संजय जोशी का नाम उछाल दिया है।
पार्टी से निष्कासित जोशी की पैरवी में कार्यकर्ता का एक बड़ा समूह खड़ा होने लगा है। जब भी भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व को झटका लगता है यह समूह अपनी गतिविधियों को अंजाम देना शुरू कर देता है। पटना में पराजय के बाद कार्यकर्ताओं ने ब्रज क्षेत्र कार्यालय, जयपुर हाउस स्थिति संघ कार्यालय (माधव भवन), सांसद चौधरी बाबूलाल के निवास के पास संजय जोशी के पोस्टर लगा दिए हैं। इन पर स्लोगन लिखे हैं.. कहो दिल से संजय जोशी फिर से... भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष कैसा हो, संजय जोशी जैसा हो...।