आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में स्थित प्रेम मोटर्स प्रा. लि. के स्टॉक यार्ड से नई कारों के अलॉय व्हील और टायर चोरी हो गए। कंपनी के सिक्योरिटी ऑफिसर मनीष कुमार ने कर्मचारियों पर शक जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मनीष ने बताया कि बोडला-बिचपुरी सड़क स्थित जी.डी. गोयनका स्कूल के पास किराए के यार्ड में मारुति सुजुकी की नई गाड़ियां खड़ी की जाती हैं। 23 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने यार्ड में खड़ी दो कारों से आठ अलॉय व्हील व टायर चोरी कर लिए। 24 मार्च सुबह 8:40 बजे गार्ड भूपेंद्र सिंह ने घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को 112 नंबर पर जानकारी दी गई। कंपनी ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों दरोगा सिंह, मलखान सिंह और ओमप्रकाश पर शक जताया है। थाना प्रभारी जगदीशपुरा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
टायर लदी लोडिंग गाड़ी चोरी, सीसीटीवी में रिकॉर्ड वारदात
थाना सिकंदरा क्षेत्र में खड़ी लोडिंग गाड़ी को चोर चोरी कर ले गए। चंद्रनगर कॉलोनी निवासी रामनिवास सिंह परिहार ने बताया कि वह लोडिंग गाड़ी के साथ अपोलो टायर में माल डिलीवरी का काम करते हैं। 3 अप्रैल की रात गाड़ी में अपोलो कंपनी के 12 टायर लोड थे और वाहन कंपनी के बाहर खड़ा था। गाड़ी लेकर सुबह अलीगढ़ के लिए रवाना होना था। रात करीब 12 से दो बजे के बीच चोर गाड़ी को टायर समेत चोरी कर ले गए। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। थाना प्रभारी सिकंदरा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।