कासगंज के गंजडुंडवारा में राधाकृष्ण मंदिर से पीतल की दो मूर्तियां चोरी हो गई। मंदिर के पुजारी ने पुलिस से शिकायत की। अगले दिन मूर्तियां मंदिर में वापस रखी मिलीं।
कासगंज के गंजडुंडवारा में रेलवे रोड स्थित पंचायती बाग में स्थित राधाकृष्ण मंदिर से शनिवार को पीतल की दो मूर्ति चोरी हो गईं। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार की सुबह मूर्तियों को नए वस्त्र पहनाकर वापस रख दिया गया। भक्त इसे बांके बिहारी की कृपा बता रहे हैं।
विज्ञापन
श्रावण मास के शुभारंभ को लेकर मंदिर में तैयारियां चल रही हैं। शनिवार को मंदिर की साफ सफाई के कार्य चल रहे हैं। जिसके राधाकृष्ण मंदिर के पट खुले हुए थे। इसी बीच पुजारी अंतराम पाठक भोजन करने के लिए चले गए। इसी बीच दो मूर्तियों को चोर के द्वारा चोरी कर लिया गया। जब वह वापस आए तो मूर्तियां चोरी हो चुकी थी, जिसकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
वापस रखी मिलीं मूर्तियां
रविवार की दोपहर मंदिर में खिड़की के समीप मूर्तियों को श्रृंगार कर एवं नूतन वस्त्र धारण कराकर मूर्तियों को चोर के द्वारा रख दिया गया। प्रतिदिन की तरह जब पुजारी रविवार को भोजन करके वापस आए तो मूर्तियां रखी देखीं। मूर्तियों के वापस मंदिर में रखे होने की जानकारी जब भक्तों को हुई तो उनमें खुशी की लहर दौड़ गई। पुजारी और भक्तजन इसे बांके बिहारी की कृपा बता रहे हैं। मूर्तियों के मिलने की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।