अछनेरा। थाना अछनेरा पुलिस ने कचौरा रोड स्थित पानी के प्लांट से हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के रुपये व मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 28 मार्च को पीड़ित द्वारा शिकायत दी गई थी कि 26/27 मार्च की रात कचोरा रोड स्थित पानी के प्लांट से रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य कागजात चोरी हो गए। इस मामले में थाना अछनेरा में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। रविवार को पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान कचोरा फाटक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी यश पुत्र विजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम सहाई को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 24,380 रुपये नकद और एक आईफोन बरामद हुआ, जबकि उसकी निशानदेही पर 2.35 लाख रुपये भी बरामद किए गए। आरोपी ने बताया कि बरामद रुपये उसी चोरी के हैं, जबकि आधार, पैन कार्ड व अन्य कागजात उसने रसूलपुर गांव के पास नहर में फेंक दिए थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।