कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के नदरई में एक व्यापारी के बंद मकान से चोरों ने यहां लाखों रुपये की कीमत के जेवर व 1.50 लाख रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित व्यापारी ने चोरी की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। नदरई निवासी मेवाराम दिल्ली में रहकर व्यापार करते हैं। वह कभी-कभी ही अपने गांव नदरई में आते हैं। उनके दिल्ली में रहने के दौरान उनका नदरई स्थित मकान बंद रहता है। मेवाराम के अनुसार, उनके घर में 31 जुलाई की रात में चोरों ने छत के रास्ते में घर में प्रवेश किया और उनके घर से गले का हार, झुमकी, दो जंजीर, मंगलसूत्र, चार सोने की चूड़ी, सोने की अंगूठी, 3 टॉप्स, 1 कुंडल, 1 नथ, 1 लॉकेट, 4 जोड़ी चांदी की पायल और 1.50 लाख रुपये नकद चुरा ले गए। 1 अगस्त को पड़ोसियों ने घटना की जानकारी दी। 2 अगस्त को वह नदरई आया और उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़ित के अनुसार इस चोरी में नदरई की गली धोबियान निवासी ब्रजेश भी शामिल है और उसने चोरी का माल कासगंज के सहावर गेट निवासी मुंशीलाल सराफ को बेचने की बात कबूली है।