कासगंज। गांव तारापुर नसीर में डिप्थीरिया का प्रकोप बना हुआ है। दो बच्चों में लक्षण मिलने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक बालिका को आगरा रेफर किया गया है। वहीं, एक बालिका का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।गांव में बच्चों में फैल रहे डिप्थीरिया के प्रकोप से ग्रामीण दहशत में हैं। अब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी है। जबकि आधा दर्जन बच्चों में डिप्थीरिया के लक्षण मिल चुके हैं। शिवांशी (8) पुत्री विजय सिंह व संध्या पुत्री अखिलेश में डिप्थीरिया के लक्षण पाए गए। दोनों बालिकाओं को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। इनमें से शिवांशी की हालत बिगड़ गई। इसके बाद बालिका को रेफर कर दिया गया। परिजन उसे आगरा ले गए। प्रिंस पुत्र जितेंद्र कुमार व आशीष कुमार पुत्र मचल सिंह की हालत में सुधार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। गांव में बीमारी का प्रकोप अभी थमा नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में तीसरे दिन शिविर लगाया। इस शिविर में 127 बच्चों का इलाज किया गया। बच्चों में बुखार, सर्दी, खांसी, खुजली आदि की शिकायत पाई गई। इन बच्चों को आवश्यक दवाएं दी गई।