आगरा के जयपुर हाउस में रविवार रात को चोरों ने कारोबारी सुरेंद्र कुमार अरोड़ा की कोठी को निशाना बनाया। कारोबारी परिवार सहित बाहर गए थे। कोठी के प्रथम तल पर नौकर-नौकरानी सोते रहे और चोर भूतल के कमरों से अलमारी के लॉकर तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। हालांकि कारोबारी ने अभी पुलिस को यह जानकारी नहीं दी कि कितना माल गया है।
जयपुर हाउस निवासी सुरेंद्र कुमार अरोड़ा का पहले कपड़ों का कारोबार था। अब उनके बेटे नितिन कुमार खिलौनों का थोक का व्यापार करते हैं। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि 17 जून को परिवार हरिद्वार गया था। कोठी में नौकरानी मिथलेश और उसके पति को छोड़ दिया था। दोनों पहली मंजिल पर बने कमरे में सोते थे।
नौकरानी ने कारोबारी को घटना की सूचना
सोमवार सुबह नौकरानी साफ-सफाई करने के लिए भूतल पर बने कमरों में आई। दोनों कमरों में सामान बिखरा हुआ था। एक कमरे में अलमारी खुली पड़ी थी। नौकरानी ने सुरेंद्र कुमार अरोड़ा को घटना की जानकारी दी। उन्होंने अपने रिश्तेदार और कॉलोनी के लोगों को बताया। इस पर वो पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी आ गई।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि नौकर और नौकरानी से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। सुरेंद्र कुमार अरोड़ा अभी घर नहीं लौटे हैं। उनके आने पर चोरी गए माल के बारे में पता चलेगा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रेकी करके की वारदात
चोरों ने कोठी में घुसने के लिए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा था। इसके बाद कमरों में प्रवेश के लिए खिड़की को हटाकर अंदर घुसे। चोर उन्हीं कमरों में गया, जिनमें अलमारी में नकदी और जेवर रखे हुए थे। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए गए हैं। हालांकि कोई संदिग्ध नजर नहीं आया है। पुलिस का मानना है कि रेकी कर वारदात की गई। पुलिस ने नौकर-नौकरानी से भी पूछताछ की।
कैबिनेट मंत्री ने ली जानकारी
जयपुर हाउस में कारोबारी की कोठी में चोरी की जानकारी पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक से बात की। सीओ लोहामंडी गिरीश कुमार को घटना के पर्दाफाश के निर्देश दिए। यह भी कहा कि कॉलोनी में सुरक्षा बढ़ाई जाए।
पॉश कालोनी में सुरक्षा पर सवाल
जयपुर हाउस शहर की पाश कॉलोनी में से एक है। यहां भाजपा का बृज क्षेत्र कार्यालय भी है। कॉलोनी में मई में मोबाइल कारोबारी के घर में चोरी हुई थी। दिनदहाड़े चोर लाखों का माल चोरी करके ले गए थे। पुलिस ने घटना का खुलासा किया था। अब दूसरी वारदात सामने आई है।
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि गश्त न होने से असामाजिक तत्व चक्कर लगाते हैं। वारदात करते हैं। पार्षद मुकुल गर्ग ने कहा कि कॉलोनी के पार्कों में बाहरी युवक आते हैं। वह आने-जाने वाले निवासियों और घरों की रेकी करते हैं। वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। पुलिस की चेकिंग से इन लोगों को रोका जा सकता है।