आगरा में सैंया क्षेत्र के लादूखेडा के ग्राम मुखरई में सोमवार की रात पूर्व प्रधान के घर चोरी हो गई। चोर घर का ताला तोड़कर चार लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवर और लाइसेंसी रायफल आदि सामाने उठा ले गए। चोरों को वहां से भागते हुए पूर्व प्रधान के छोटे भाई ने देख लिया। उसने शोर मचाया, लेकिन जब तक घेराबंदी की गई, चोर वहां से भाग निकले। गांव में चोरी की सूचना के बाद मौके पर पुलिस और डॉग स्क्वैड की टीम पहुंची। मौके का निरीक्षण किया गया, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पूर्व प्रधान उदय सिंह पिप्पल ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार की रात दवा खाने के बाद पत्नी व बच्चों के साथ हॉल में सो रहे थे। मध्यरात्रि सीढ़ी से होते हुए चोर उनके घर के भीतर पहुंचे। कमरे और अलमारी का ताला तोड़कर लाइसेंसी रायफल, चार लाख रुपये, संदूक में रखे करीब 20 तोला सोने के जेवर और कुछ चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। घर से चोरी करने के बाद चोर बगीचे से छुपकर जा रहे थे, तभी चोरों को उनके भाई ताराचंद ने देख लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोरगुल सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दौरान चोरों को घेरने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीणों को चकमा देकर चोर मौके से भाग निकले। सूचना पर सैंया और लादूखेड़ा चौकी की पुलिस पहुंची। डॉग स्क्वैड टीम ने भी आकर चोरों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। थानाध्यक्ष सैंया योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि संबंधित घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एकत्रित करने के लिए टीमें लगा दी गई हैं। पीड़ित पूर्व प्रधान की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।