आगरा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस का अलर्ट है। दिन हो या रात, पुलिस बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही है। इसके बावजूद पांच दिन में बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सदर के बमरौली अहीर मार्ग पर 200 किलोग्राम चांदी लूटी तो नामनेर में सराफ के घर से लाखों के जेवरात ले गए। पुलिस खुलासे से दूर है।
धौलपुर निवासी शंकर परमार की साईं नाथ एक्सप्रेस कोरियर सर्विस की 200 किलोग्राम चांदी बुधवार को कार सवार चार बदमाशों ने लूट ली थी। बदमाश दो बैरियर और दो चौकियों के बावजूद निकल भागे थे। अपनी कार दस किलोमीटर दूर ताजगंज क्षेत्र में खड़ा छोड़ गए थे।
पुलिस को बदमाशों की दूसरी आई-20 कार का भी नंबर मिल गया था। दो बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज भी आ गए। इस पर संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था। उनसे पूछताछ के बाद कुछ सुराग मिले। मगर, पांच दिन बाद भी पुलिस किसी बदमाश तक नहीं पहुंच सकी है। दिल्ली और हरियाणा में पुलिस ने डेरा डाल रखा है।
नामनेर निवासी लक्ष्मण प्रसाद अग्रवाल के घर में चोरी हुई थी। 20 जनवरी को उनका परिवार शादी में गया था। रात में चोरों ने घर के ताले तोड़ दिए। इसके बाद अलमारी खोलकर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। मामले में थाना सदर में मुकदमा दर्ज कराया गया। मगर, पुलिस चोरों को नहीं पकड़ सकी है। इसी तरह घरों में चोरी की कई वारदात शहर में हो चुकी हैं। एसपी सिटी विकास कुमार का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगी हैं।
चुनाव के मद्देनजर पुलिस तमंचा, अवैध शराब, नशे का पदार्थ लेकर जाने वालों पर नजर रखे हुए हैं। रोजाना किसी न किसी थाने में तस्कर और अवैध शस्त्र के साथ आरोपी पकड़े जा रहे हैं। वहीं जिले की सीमाओं पर भी बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही है।