बाह: पारना का प्राचीन हनुमान मंदिर
बाह। अपने भ्रमण के दौरान गोस्वामी तुलसीदास ने पारना गांव में यमुना नदी के किनारे हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की थी। पारना पुलिस चौकी से महज 250 मीटर की दूरी पर मंदिर में प्राचीन प्रतिमा प्रतिष्ठित की गई है। हनुमान जी के दर्शन पूजन के लिए सुदूर क्षेत्र से भक्त पहुंचते हैं।
चित्राहाट थाने में दिए पत्र में गांव के प्रधान दीवान अनुरुद्ध सिंह भदौरिया ने कहा है कि रविवार की सुबह मंदिर में दर्शन पूजन के लिए भक्त पहुंचे तो पीतल के करीब 30-40 घंटे गायब थे। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि शनिवार आधी रात के बाद चोरी हुई है। आधी रात तक मंदिर पर भजन कीर्तन हुए थे। प्रार्थना पत्र पर हरकत में आई चित्राहाट पुलिस ने स्थलीय निरीक्षण किया।
चित्राहाट पुलिस के मुताबिक मंदिर के आसपास से लेकर जुड़ने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिससे चोरों के बारे में कोई सुराग या सूत्र हाथ लग सके। सनातन सुरक्षा दल के अनूप भदौरिया ने हनुमानगढ़ के नाम से प्रसिद्ध बजरंगबली के मंदिर से चोरी पर चिंता जताते हुए चित्राहाट पुलिस से खुलासे की मांग की है। उन्होंने कहा है कि मंदिर में चोरी से सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं। चित्राहाट पुलिस ने जांच एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मंदिर से चोरी का प्रकरण संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर सुरागरसी कराई जाएगी। - जितेन्द्र कुमार, एसीपी बाह