ताजनगरी में चोरी की घटनाओं का ग्राफ दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। पलक झपकते ही वाहन चोर वाहन ले जाते हैं। बंद घरों के ताले तोड़े जा रहे हैं। छोटी दुकान से लेकर शोरूमों में चोरी हो रही है। तीन साल के आंकड़ों पर गौर करें तो हरीपर्वत सर्किल में चोरी की सबसे अधिक वारदातें हुई हैं। इनमें भी हरीपर्वत थाना क्षेत्र सबसे आगे है। इसके बाद लोहामंडी, सदर और कोतवाली सर्किल का नंबर आता है।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए तीन साल की घटनाओं का रिकॉर्ड चेक किया था। इसमें पाया गया कि जिन स्थानों पर पुलिस की गश्त कम थी, वहीं पर चोरी की सबसे अधिक वारदात हुईं। कुछ जगहें ऐसी पाई गईं, जहां बार-बार चोरी हो रही हैं। कई बाजार और कॉलोनियों में चौकीदार नहीं होने को चोरी होने का कारण माना गया है।
यह है स्थिति
थाना - चोरी की घटनाएं
हरीपर्वत - 775
न्यू आगरा - 165
सिकंदरा - 102
जगदीशपुरा - 68
लोहामंडी - दो
शाहगंज - 155
सदर - 55
ताजगंज - 91
रकाबगंज - चार
कोतवाली - 23
एमएम गेट - 14
नाई की मंडी - 23
(यह आंकड़ा वर्ष 2018 से वर्ष 2020 तक का है)
जहां वारदात अधिक, वहीं बढ़ाएंगे गश्त
एसपी सिटी ने बताया कि तीन साल में शहर में सबसे ज्यादा वाहनों की चोरी की घटनाएं हुई हैं। इन्हें रोकने के लिए प्रमुख स्थानों की लिस्ट बनाई गई है। यहां बिना वर्दी वाले पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा। पूर्व में जेल जा चुके वाहन चोरी करने वाले अपराधियों का सत्यापन करेंगे।
घरों और दुकान में नकबजनी की घटना रोकने के लिए गश्त बढ़ाई जाएगी। अधिक वारदात वाली जगहों पर एक की जगह पर दो चीता मोबाइल लगाई जाएंगी। गश्त के दौरान अलर्टनेस को समय-समय पर चेक किया जाएगा। दो हफ्ते में यह व्यवस्था कर दी जाएगी।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा होती है चोरी
- किनारी बाजार
- हींग की मंडी
- शीतला गली
- देहली गेट
- संजय प्लेस
- नेहरू नगर
- शाह मार्केट
- पालीवाल पार्क
- खंदारी
- ट्रांसपोर्ट नगर
- बिल्लोचपुरा
- घटिया आजम खां
- कमला नगर
- भगवान टॉकीज
- वाटर वर्क्स
- दयालबाग
- लॉयर्स कॉलोनी
- भावना एस्टेट
- ककरैठा
- आवास विकास कॉलोनी
- कारगिल
- बेलनगंज
- कचहरी घाट
- जीवनी मंडी
- यमुना किनारा रोड
- कालिंदी विहार
- ट्रांस यमुना कॉलोनी
- मंटोला
- सुभाष बाजार
- बुंदू कटरा
- शहीद नगर
- राजपुर चुंगी
- कैंट
- कहरई
- एकता चौकी क्षेत्र
- बोदला
- अवधपुरी
- जवाहर पुरम
- शाहगंज
- पृथ्वीनाथ फाटक
- खेरिया मोड़
- जनता कॉलोनी
साल 2020 में चोरी
घर : 135
वाहन : 385
अन्य : 185
व्यावसायिक केंद्र होने के कारण चोरियां ज्यादा
- हरीपर्वत शहर का व्यावसायिक केंद्र हैं, यहां शो रूम, मल्टीस्टोरी बिल्डिंग ज्यादा हैं, इसलिए चोर यहां ज्यादा वारदात करते हैं।
- दूसरी वजह है यह खुला इलाका है, कई रास्ते हैं,चोर एक से आते हैं, दूसरे से चले जाते हैं, उन्हें आसानी होती है।
- यहां हजारों वाहन सड़कों पर खड़े होते हैं, इसलिए वाहन चोरों को चोरी करने में आसानी रहती है। संजय प्लेस और शाह मार्केट में सबसे ज्यादा वाहन चोरी है।
घर खाली छोड़ने से पहले पुलिस को दें जानकारी
- घर से बाहर जा रहे हैं तो थाना पुलिस को जानकारी दें। जिससे पुलिस गश्त पर आए तो आपके घर को देखकर जाए।
- घर पर ताला बाहर की तरफ लगाने से बचें। हो सके तो किसी रिश्तेदार को घर पर छोड़कर जाएं।
- संजय प्लेस और शाह मार्केट में जाएं तो पार्किंग में ही वाहनों को खड़ा करें। डबल लॉक लगाएं।
( ऐसा रिटायर्ड डिप्टी एसपी एके सिंह ने बताया )