बुलंदशहर की युवती से प्रेम करने पर नासिक के युवक की जान पर बन आई। युवती के घरवालों ने ताजमहल देखने के बहाने युवक को आगरा बुलाकर अगवा कर लिया। आगरा-अलीगढ़ रोड पर उसे पीटा और पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने युवक को बचा लिया। लड़की के चार परिवारीजनों को भी दबोच लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
घटना गुरुवार शाम सात बजे की है। ग्रामीणों ने बताया कि आगरा की ओर से आए आल्टो कार सवार चार लोगों ने एक युवक को कार से पीटते हुए बाहर निकाला। युवक की चीखपुकार सुन ग्रामीण पहुंच गए। वह पेट्रोल छिड़क कर युवक को जिंदा जलाने के प्रयास में थे। ग्रामीणों ने हमलावरों को दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को थाना खंदौली लेकर आई। युवक ने अपना नाम नासिक (महाराष्ट्र) निवासी परमानंद (बदला नाम) बताया, जबकि उसके साथ मारपीट करने वाले बुलंदशहर के हैं। परमानंद ने बताया कि तीन साल से उसके प्रेम संबंध बुलंदशहर की यामिनी (बदला नाम) से हैं। वह अकसर बुलंदशहर उससे मिलने जाता था। प्रेम संबंधों की जानकारी लड़की के घरवालों को हुई तो उन्होंने परमानंद को जान से मारने की धमकी दी, लेकिन उसने युवती से बातचीत बंद नहीं की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि लड़की के पिता, चाचा और दो अन्य रिश्तेदारों ने परमानंद को सबक सिखाने के लिए बहाने से ताजमहल देखने बुलाया। यहां उसकी प्रेमिका को आना था, लेकिन उसके घरवाले बातचीत करने के बहाने युवक को बुलंदशहर ले जाने की कहकर कार में बैठा लाए। खंदौली में पीली पोखर के पास पहुंचते ही परमानंद की पिटाई शुरू कर दी। एसओ खंदौली का कहना है कि पूछताछ की जा रही है।
फेसबुक से दोस्ती, फिर प्यार
नासिक के परमानंद और बुलंदशहर की यामिनी की दोस्ती फेसबुक से परवान चढ़ी। परमानंद ने बताया कि तीन साल पहले वह बीएससी की छात्रा यामिनी के संपर्क में आया था। प्यार परवान चढ़ा तो वह कई दफा बुलंदशहर में यामिनी से मिलने आया था। यामिनी के घरवालों का कहना है कि परमानंद कई साल से लड़की को परेशान कर रहा है। वह शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है।