टूंडला (फिरोजाबाद)। मात्र 13 वर्षीय बालिका को एक युवक लंबे समय से अपनी हवस का शिकार बनाता रहा। किशोरी की तबियत बिगड़ी तो चिकित्सकों ने उसके छह माह के गर्भवती होने की जानकारी दी। परिजनों ने युवक के विरुद्ध पुलिस में तहरीर दी है।
मामला थाना पचोखरा क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। करीब 40 वर्षीय युवक ने गांव की ही एक 13 वर्षीय किशोरी को अपने प्रेमजाल में फांस लिया। किशोरी को शारीरिक संबंध बना लिए। वह पिछले कई महीने से उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। आरोप है कि जब भी किशोरी परिजनों को बताने की बात कहती तो वह उसे बदनाम करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दे देता।
इसके चलते किशोरी ने कभी भी परिजनों को अपने साथ हो रहे कृत्य की जानकारी नहीं दी। दो दिन पूर्व किशोरी की अचानक तबियत बिगड़ी तो परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक द्वारा उसके छह माह की गर्भवती होना बताया तो परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों द्वारा किशोरी से पूछा गया तो उसने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। शनिवार शाम परिजनों ने आरोपी के विरुद्ध थाने में दुष्कर्म की तहरीर दी है। परिजनों को आरोप है कि पुलिस मामले में लीपापोती करना चाहती थी, जब अधिकारियों को अवगत कराया तब पुलिस सक्रिय हुई।
घटना की जानकारी हुई है। बालिका का मेडिकल कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकद्दमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
अभिषेक श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी, टूंडला