आगरा। पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विश्व पर्यटन दिवस पर शनिवार को पर्यटन सूचना केंद्र का फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्होंने प्रदर्शनी का भ्रमण करते हुए कहा कि मार्च तक डिजिटल म्यूजियम का काम पूरा कराकर शहर को समर्पित कर दिया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कोठी मीना बाजार का अधिग्रहण कर उसे विकसित करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। जल्द फैसला होने के बाद काम शुरू हो जाएगा। शिवाजी म्यूजियम का काम भी तेजी से पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगरा का विकास न रुका है और न थमेगा।
मंत्री ने एडीए व नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि वे मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना के अंतर्गत आगरा के विकास के लिए प्रस्ताव दें। विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने कहा कि आगरा की पहचान ताजमहल तक सीमित रहने के बजाय और आगे बढ़े।
कार्यक्रम में पर्यटन संस्थानों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार, एडीए वीसी एम अरुन्मोली आदि की मौजूदगी रही।