मैनपुरी। पहली अगस्त को करहल चौराहा के पास गांव पड़रिया के विनीत चौहान को गोली मारने के आरोपी विपुल की पत्नी ने घायल विनीत और उसके साथियों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि पति को उधार शराब दिलाने के लिए धमकाया, जान से मार डालने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पड़रिया निवासी विनीत चौहान 1 अगस्त की रात करहल चौराहा के पास पेट में गोली लगने से घायल हो गए थे। इस घटना के बाद पिता शिव मंगल ने विशाल मेगा मार्ट के पास रहने वाले विपुल राठौर के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया था। गोली लगने से घायल विनीत का इलाज मेडिकल कॉलेज सैफई में चल रहा है। सोमवार को उक्त मामले में आरोपी विपुल की पत्नी भारती चौहान ने केस दर्ज कराया। पुलिस को बताया कि 1 अगस्त की रात को वह घर पर थीं, तभी विनीत चौहान, आर्यन चौहान, राहुल चौहान उर्फ मोती, रानू भदौरिया, रजत चौहान निवासी पड़रिया नशे में उनके घर पर आए और दरवाजा खटखटाया। पति विपुल ने जैसे ही दरवाजा खोला तो वह लोग गालियां देने लगे। शराब उधार दिलवाने के लिए धमकी देने लगे। आरोपियों ने घर में घुसकर पति को जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
विवाद को लेकर तीन एफआईआर हुई हैं अब तक दर्ज
1 अगस्त को करहल चौराहे पर जन्मदिन पार्टी को लेकर दोस्तों के बीच हुए विवाद और गोली कांड में अब तक तीन एफआईआर कोतवाली में दर्ज हो चुकी हैं। गोली लगने से घायल विनीत के पिता ने विपुल राठौर के खिलाफ केस दर्ज कराया है। दूसरी एफआईआर शराब ठेका संचालक जतन गुप्ता ने विपिन चौहान व साथियों पर रंगदारी मांगने, गाली गलौज व धमकाने का दर्ज कराया है। सोमवार को जानलेवा हमले के आरोपी विपुल की पत्नी ने तीसरी एफआईआर दर्ज कराई है।
जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने गांव पड़रिया के रहने वाले विनीत चौहान को गोली मारने वाले आरोपी विपुल राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उस से पूछताछ की और वारदात में प्रयुक्त पिस्टल के बारे में जानकारी ली। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद करने के बाद मंगलवार दोपहर आरोपी को जेल भेजा।