पटियाली। पटियाली क्षेत्र में तंत्र मंत्र वाले कई बाबाओं का मकड़ जाल फैला हुआ है। इस इलाके में तंत्र मंत्र के चक्कर में पूर्व मे कई सनसनीखेज आपराधिक वारदात भी हो चुकी हैं। इस क्षेत्र में भोले बाबा के पूर्व सेवादार भी बाबा से अलग होकर करीब एक दशक से अपना आश्रम चला रहे हैं और आश्रम पर सत्संक आदि के कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। लोगों के बीच ऐसी चर्चाएं सिकंदराराऊ हादसे के बाद तेज हो चली हैं।
पटियाली का इलाका बाबाओं के लिए काफी प्रसिद्ध है। छोटे छोटे मंदिर मठों पर भी तंत्र साधना कई बाबाओं के द्वारा की जाती है। पूर्व में आपराधिक घटनाओं के सिलसिले में कई बाबा पुलिस की चंगुल में भी आ चुके हैं। वर्ष 2017 में सिढ़पुरा थाना क्षेत्र में तंत्र मंत्र वाले बाबा के भरोसे पर एक पिता ने अपने तीन माह के मासूम बच्चे की बलि चढ़ा दी थी। इसी साल सिढ़पुरा के किलौनी में एक बालिका की बलि चढ़ाई गई। अमांपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में भी तांत्रिक बाबा के फेर में बलि की घटना हुई थी। करीब 3 वर्ष पूर्व गांव ढिलावली में होमगार्ड के एक जवान की हत्या की घटना हुई। यह जवान भी बाबा बनकर तांत्रिक क्रिया करता था।