मैनपुरी। शनिवार रात से मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रातभर बूंदाबांदी के साथ ही रविवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। दिन भर रुक-रुककर बारिश होने से लोग परेशान नजर आए। इससे आलू और सरसों की फसल पर संकट के बादल घिर आए हैं। आगे भी बारिश से अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
सर्दी से लोगों को अभी कुछ राहत मिली ही थी कि अब बारिश ने लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। शनिवार रात को बूंदाबांदी शुरू हुई तो रविवार को दिनभर भी नहीं रुकी। पूरे दिन थोड़ी-थोड़ी देर में बूंदाबांदी होती रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजारों में भी बूंदाबांदी के चलते रविवार होने के बाद भी ग्राहकों की संख्या कम नजर आई। बीते 24 घंटे में कुल 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश के बीच सर्दी भी एक बार फिर से बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान जहां 11 डिग्री सेल्सियस रहने से लोगों को सर्दी का अहसास होता रहा। दूसरी तरफ बारिश से आलू और सरसों की फसल पर संकट खड़ा हो गया है। बारिश के चलते आलू में झुलसा और सरसों की फसल में कीट का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। इसे लेकर किसान भी चिंतित हैं। जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूर्यप्रताप सिंह ने किसानों से नियमित आलू और सरसों की फसल की निगरानी करने के लिए अपील की है।