बारिश से मौसम हुआ सुहावना, धान की बुवाई का काम शुरू
किसानों को था धान की नर्सरी डालने के लिए इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। बारिश ने गर्मी से लोगों को राहत दिलाई है तो वहीं दूसरी और धान की नर्सरी डालने का काम भी शुरू हो गया है। रविवार को दिनभर किसान जहां खेतों में नर्सरी डालने की तैयारी में जुटे रहे तो वहीं लोगों ने भी घरों में बारिश का आनंद लिया। अवकाश रहने के चलते लोगों ने घर में ही अपना समय बताया। दिन भर जिले में रुक-रुककर बारिश होती रही।
शनिवार शाम को बदले मौसम से तापमान में गिरावट आई थी। शाम को बारिश के बाद मौसम साफ हो गया था। लेकिन रविवार को सुबह फिर मौसम ने करवट बदल दी। सुबह होते ही पहले बादल छाए और फिर दस बजे बारिश शुरू हो गई। एक बार जो बारिश शुरू हुई तो फिर रुकने का नाम नहीं लिया। पूरे दिन रिमझिम बारिश होती रही। रिमझिम बारिश से मौसम ठंडा हो गया। अधिकतम तापमान जहां 31 डिग्री रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
रविवार का अवकाश होने के चलते लोगों ने बारिश का जमकर आनंद उठाया। कोई बारिश में बाइक से घूमने निकला तो किसी ने घर पर ही मौसम का आनंद लिया। वहीं दूसरी और किसानों के चेहरे भी बारिश से खिल गए हैं। शनिवार शाम की बारिश के बाद ही किसानों ने खेतों में धान की नर्सरी डालने का काम शुरू कर दिया है। दिन भर किसान खेतों में काम करते नजर आए। वहीं जिन किसानों ने पहले ही नर्सरी डाल दी थी, उन्होंने भी राहत की सांस ली है। दरअसल गर्मी के कारण नर्सरी खराब हो रही थी, लेकिन अब नर्सरी लहलहाने लगी है। कृषि विज्ञान केंद्र पर स्थापित मौसम केंद्र पर शनिवार शाम को सात मिमी और रविवार शाम तक नौ मिमी बारिश दर्ज की गई।
तीन दिन तक बारिश की आशंका
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल लोगों को गर्मी नहीं सताएगी। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि आगामी तीन दिन तक अभी बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की भी संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि धान की फसल के लिए बारिश फायदेमंद साबित होगी।
नर्सरी डालने का उपयुक्त समय
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूर्यप्रताप सिंह ने बताया कि धान की नर्सरी डालने के लिए ये सबसे उपयुक्त समय है। मौसम भी अब ठंडा हो गया है, ऐसे में किसान अब देरी न करें। अगर किसान नर्सरी डालने में देरी करेंगे तो फसल पिछड़ जाएगी। उन्होंने जल्द से जल्द खेत तैयार कर नर्सरी तैयार करने की सलाह दी है।