युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर दी जान
वजह नहीं बता सके परिजन, एमाहसन नगर में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बरनाहल। थाना क्षेत्र के गांव एमाहसन नगर निवासी एक युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। रविवार की सुबह शव देख घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव एमाहसन नगर निवासी नीलेश कुमार (30) शनिवार की शाम घर पर आया और खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था। रविवार की सुबह परिजन जब उसके कमरे की ओर गए तो देखा कि नीलेश का शव कमरे में लगे पंखे के कुंडा में रस्सी के सहारे लटका हुआ था। ये नजारा देख घर में मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी आ गई। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को फंदे से उतरवाया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया। युवक की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।