कुरावली। थाना बिछवां क्षेत्र के गांव लहरा की रहने वाली भूदेवी ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि रविवार को वह 10 वर्षीय पुत्र के साथ जैथरा रिश्तेदारी में जा रहीं थीं। वह जब कुरावली बस स्टैंड पर पहुंची तभी वहां दो युवक मिले, वह लोग पास आए और कहा कि वह उनके रिश्तेदार हैं। वह लोग पैदल ही बात करते हुए उन्हें जीटी रोड भूड़ वाले बाबा की मजार के पास ले गए। वहां युवकों ने कहा कि उनके पास सोनेे के कई टुकड़े हैं। जिनकी कीमत करीब छह लाख रुपये हैं। महिला तैयार हो गई और अपने कुंडल, पायल और 500 रुपये युवकों को दे दिए। युवकों ने महिला को एक पत्थर बांध कर दे दिया और वहां से चले गए। जब महिला ने रूमाल को खोला तो पत्थर देख होश उड़ गए। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। संवाद