आगरा। थाना एत्माद्उद्दौला पुलिस ने दरोगा के घर के ताले तोड़ कर लाखों के गहने और नकदी चोरी करने वाले चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी का माल खरीदने वाले दो अन्य को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। न्यायालय ने तीनों को जेल भेजा है।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि छत्ता थाने के डिविजन चौकी प्रभारी रोबिंस कुमार ने 15 फरवरी में तहरीर दी थी। बताया था कि उनके किराए के घर के ताले तोड़कर एक चोर ने गहने और 20 हजार रुपये चोरी कर लिए हैं। पुलिस टीम ने सोमवार को आरोपी आशिक उर्फ इतेश उर्फ सोनू निवासी गांव बरवाई बाबरपुर,औरैया को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद चोरी का माल खरीदने वाले मूल रूप से एटा के सिकरौली और वर्तमान में सीतानगर निवासी वीरेश और लोहामंडी निवासी सराफ मनीष वर्मा को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की पायल, सोने की चेन, अंगूठी, बिछुए और 38 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।