नगला बक्ती में बिजली चेकिंग करने गई टीम को पीटा
- जेई की तहरीर पर कुर्रा थाना पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव नगला बक्ती में 29 अप्रैल को बिजली चेकिंग और बकाया बिल जमा कराने के अभियान के तहत पहुंची टीम पर हमला किया गया। नामजद लोगों ने जेई व टीम के लोगों की पिटाई कर दी। टीम में शामिल कर्मियों ने गांव से भाग कर जान बचाई। तहरीर मिलने के बाद कुर्रा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
विद्युत उपकेंद्र पतारा पर तैनात जेई अजय कुमार 29 अप्रैल को अपनी टीम के साथ गांव बक्ती में चेकिंग अभियान पर निकले थे। ग्रामीणों के कनेक्शन चेक करने के साथ ही टीम में शामिल लोग बकाया बिल जमा किए जाने को लेकर अपील कर कर रहे थे। जेई ने बताया कि बकाया बिल को लेकर गांव निवासी सुनीता देवी के घर पर पहुंचे। जब बिल जमा करने के लिए कहा तो वहां मौजूद रघुनाथ सिंह, सौरभ कुमार और सुनीता ने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्हें पीटने लगे। अचानक हुए हमले के बाद जेई टीम के साथ किसी तरह जान बचाकर गांव से बाहर निकले। थाने पहुंच कर तहरीर दी। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है।