आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने सोमवार को इंटर जोनल गर्ल्स अंडर-19 उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम 2025-26 की चयन प्रकिया शुरू कर दी। यह प्रक्रिया प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल मैदान पर 17 सितंबर तक चलेगी। पहले दिन दो जगह मैच कराकर प्रतिभाओं को परखा गया।
प्रतियोगिता के पहले दिन टीम ए एवं टीम सी के मध्य प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल मैदान पर और टीम बी एवं टीम डी के मध्य मैच स्पोर्ट्स विजारड, दयालबाग मैदान पर खेले गए। इसमें आगरा, हाथरस, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, नोएडा, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़ की 108 महिला खिलाड़ियों को 6 टीमों में बांटा गया है।
सोमवार को नवनिर्मित पिच का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी डाॅ. रंजना बंसल और डॉ. सुशील गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। डीसीएए के अध्यक्ष सुनील जोशन ने कहा कि महिला क्रिकेट की उन्नति के लिए हमें निरंतर प्रयास करना होगा। डाॅ. रंजना बंसल ने कहा कि इन युवा खिलाड़ियों में भविष्य की चैंपियन बनने की क्षमता है।
डाॅ. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान विजय भार्गव, राजेश सहगल, सर्वेश भटनागर, अनीस राजपूत, मनोज कुशवाहा, नेम सिंह, तूलिका कपूर, अरविंद श्रीवास्तव, गायत्री, शिखा झीगंरन, दया, नीतू सिंह, रचना आदि की मौजूदगी रही। संवाद