मंगलवार सुबह की पाली में स्याहीपुरा स्थित दो परीक्षा केंद्र पर सचल दलों ने छापा मारा। यहां के केबल सिंह महपुरिया इंटर कालेज में सचल दलों को नकल होते मिली। जबकि मोदीराम इंटर कालेज में बिना पंजीकरण के लगभग एक दर्जन छात्राएं अंग्रेजी की परीक्षा देते पकड़ी गई। किसी के भी प्रवेश पत्र पर प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर नहीं थे। एसडीएम उमाशंकर और जीआईसी कछपुरा के प्रधानाचार्य संतोष कुमार मिश्रा ने केंद्र व्यवस्थापक ईश्वरी प्रसाद को फटकारा और दोबारा गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। जीआईसी के प्रधानाचार्य को छोटे सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुदमुली केंद्र पर नियम विरुद्ध सिटिंग प्लान होने की सूजना उन्होंने डीआईओएस को दी है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर बाहरी कक्ष निरीक्षक नहीं मिले। ज्यादातर कक्षों में एक-एक कक्ष निरीक्षक ही मिला। डीआईओएस से बाह्य कक्ष निरीक्षक की व्यवस्था करने को लिखा है।
सचल दल को देख बेहोश हुई छात्रा
बाह। केबल सिंह महपुरिया इंटर कालेज परीक्षा केन्द्र पर सचल दल को देखकर इंटरमीडिएट समाजशास्त्र की परीक्षा दे रही छात्रा बेहोश हो गई। शिक्षकों ने उसे बाहर लाकर पानी पिलाया और मुंह पर छींटे मारे तब वह होश में आई।
डीएवी इंटर कालेज, धिमश्री में कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात विद्यालय के सभी शिक्षकों को मंगलवार को हटा दिया गया। उनकी जगह सात कक्ष निरीक्षक परिषदीय बेसिक स्कूलों से और बाकी एपी इंटर कालेज शमसाबाद से लगाए गए हैं। मंगलवार को हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान अनियमितता पाए जाने पर हेत सिंह इंटर कालेज के केंद्र व्यवस्थापक को भी हटा दिया गया है।
डीएवी इंटर कालेज, धिमश्री में बोर्ड परीक्षा के पहले दिन से अव्यवस्था पाई जा रही है। यहां से बड़ी संख्या में नकलची पकड़े जा चुके हैं। बाहरी लोगों का भी दबाव अधिक रहता है। सचल दस्तों ने कई परीक्षाएं पूरे समय केंद्र पर बैठकर कराई। परीक्षा ठीक से कराने के उद्देश्य से केंद्र व्यवस्थापक को भी हटा दिया गया। उनकी जगह एपी इंटर कालेज शमसाबाद के रूपेश कुमार को लगाया गया। सोमवार को दूसरी पाली में इंटर की रसायन विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा में अधिक सख्ती से नाराज परीक्षार्थियों ने परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र पर पथराव कर दिया था।
केंद्र व्यवस्थापक ने जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार यादव को बताया कि कालेज के स्टाफ का सहयोग नहीं मिल रहा है। इस पर मंगलवार को विद्यालय के सभी शिक्षकों को हटा दिया गया। हेत सिंह इंटर कालेज में मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक का दस्ता पहुंचा तो अफरातफरी की स्थिति हो गई। तमाम अनियमितताओं को देखते हुए केंद्र व्यवस्थापक को हटाकर एमडी जैन इंटर कालेज के डा. संजय गर्ग को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया। एमडी जैन के ही डा. संजीव को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है।