एत्मादपुर। स्कूल के एक छात्र को आपसी विवाद में एक अन्य छात्र ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीट दिया। इस दौरान राहगीरों के बीच बचाव के लिए दौड़ने पर फायरिंग करते हुए हमलावर फरार हो गए। पीड़ित छात्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बरहन क्षेत्र के गांव खेड़ी अडू निवासी 12वीं के छात्र अभिषेक धाकरे ने तहरीर दी। उसने पुलिस को बताया कि वह गांव सवाई स्थित स्कूल में पढ़ता है। उसका एक साथी मुझे रेलवे कॉरिडोर के पास घूमने के लिए सोमवार की शाम करीब चार बजे लेकर गया था। जहां उसके चार-पांच अज्ञात साथी पहले से ही मौजूद थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही इन लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बेल्ट और लात-घूसों से उसे पीटा। शोर मचाने पर आसपास बकरियां चरा रहे लोग दौड़े। चरवाहों के आते देख हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। फायरिंग की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची।
थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान ने बताया कि छात्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। इसी कारण से छात्र की पिटाई करने की घटना हुई है।