खंदौली। रविवार की शाम हुई झमाझम बारिश के दौरान खंदौली क्षेत्र में बिजली के खंभे-तार टूट गए। इससे 20 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। गर्मी और उसम से रातभर परेशान रहे लोगों को सुबह पानी की भी समस्या से जूझना पड़ा।
लोगों ने बताया कि बारिश से सैमरा गांव के समीप खेतों में पानी भरने से वहां लगा बिजली का खंभा और तार झुक गए। इससे सैमरा फीडर से जुडे़ वास दल्ती, वमान, नगला अर्जुन समेत 8 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं खंभे गिरने व तारों के टूटने से नादऊ, मुढ़ी, खेड़ा हाजीपुर समेत 12 गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से गांववालों को रात गर्मी व उमस के कारण छतों पर गुजारनी पड़ी। इसके अलावा बगल घूंसा गांव में ट्रांसफार्मर जल जाने से आपूर्ति ठप है। मामले में उप खंड अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि बारिश के कारण तार-खंभे गिरे हैं। इससे आपूर्ति बाधित हुई है। दावा किया कि लाइनों की मरम्मत कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। बगल घूंसा गांव का ट्रांसफार्मर भी मंगलवार को बदल दिया जाएगा।