गंगा का जलस्तर कम होने से राहत है, लेकिन अब कटान का खतरा बढ़ गया है। गंगा की धारा ने नेथरा के बांध की मिट्टी को 15 मीटर तक काट दिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत है।
कासगंज के गंजडुंडवारा में गंगा के जलस्तर में कमी आते ही कटान का कहर शुरू हो चुका है। पटियाली तहसील क्षेत्र के गंगा के तटीय इलाके के गांव नेथरा में शनिवार की देर शाम गंगा की धारा ने नेथरा के बांध की मिट्टी को 15 मीटर तक काट दिया। जिससे ग्रामीण चिंतित हो गए।
विज्ञापन
बांध के कटान को देखने के लिए ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। देर शाम सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौके पर रवाना हो गए। अभी बांध का कुछ हिस्सा शेष है। जिसके चलते गांव में पानी नहीं घुसा है। यदि बांध पूरी तरह कट गया तो नेथरा गांव ही नहीं बल्कि आस पास के गांव भी प्रभावित हो सकते हैं।नेथरा पर पुराना बंधा बना हुआ है। जब भी गंगा के जलस्तर में वृद्धि होती है तो बांध पर पानी का दबाव बढ़ता है और बांध कमजोर हो जाता है।
ऐसी स्थिति में हर बार बांध के आस पास के इलाके में कोई न कोई बांध गंगा के पानी के निशाने पर आ जाता है। इस बार बरौना में कटान की आपदा नियंत्रण में आई तो नेथरा के बांध पर कटान हो गया। देर शाम कटान की जानकारी ग्रामीणों को मिली। गांव के पूर्व प्रधान भूप सिंह का कहना है कि यह बांध काफी महत्वपूर्ण है। इससे तराई के काफी गंाव लगते हैं। यदि बांध पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ तो बड़ी तबाही हो जाएगी। ग्रामीण सतवीर ने बताया कि बांध का कटान तत्काल रोका जाना जरूरी है। ग्रामीणों ने एसडीएम पटियाली व सिंचाई विभाग के अभियंता शेर सिंह को भी मामले की जानकारी दी। ग्रामीण बांध पर डटकर निगरानी कर रहे हैं। जिससे कोई और गंभीर समस्या न बन जाए।