फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: आफत बनकर आए आंधी-तूफान ने गांव-कस्बों में मचाई तबाही

Sun, 31 May 2026 02:36 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
पाठकपुरा बिजली घर क्षेत्र में आंधी बारिश से टूटे बिजली के खम्भे
विज्ञापन
बाह। शुक्रवार शाम और रात आए आंधी-तूफान, चक्रवाती हवाओं और मूसलाधार बारिश ने आगरा के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई। कुदरत के इस कहर ने कहीं परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए, तो कहीं तीन लोगों के लिए यह काल बन गया। अलग-अलग हादसों में एक महिला और दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। 100 से अधिक विद्युत पोल और कई ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से सैकड़ों गांव 18 घंटे तक अंधेरे में डूबे रहे।
विज्ञापन

जैतपुर के पई गांव में शुक्रवार की रात 8.30 बजे आंधी और बारिश के दौरान श्यामबाबू नरवरिया का टिनसेड भरभराकर गिर गया। टिनसेड के नीचे सो रही उनकी पत्नी विमला देवी मलबे में दब गईं। चीख पुकार पर परिवार और पड़ोस के लोग एकजुट हुए और मलबा हटा कर विमला देवी को बाहर निकाला। आनन फानन में घायल विमला देवी को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। रेस्क्यू करने वाले प्रमोद, अनिल, महेन्द्र सिंह, अहिवरन सिंह, शिवा, ब्रजेश सिंह, फूल सिंह, वंदना आदि ने बताया कि टिनशेड के अलावा घरेलू सामान नष्ट हो गया है। वहीं, ऐतिहासिक व धार्मिक तीर्थ क्षेत्र बटेश्वर सहित आस-पास के दर्जन भर गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। चक्रवाती हवाओं के कारण हुए फॉल्ट से पूरी रात करीब 12 घंटे तक क्षेत्र में गंभीर बिजली संकट बना रहा, जिससे भीषण उमस और गर्मी के बीच ग्रामीणों को रतजगा करना पड़ा। मूसलाधार बारिश के चलते निचले इलाकों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
उधर, तहसील किरावली के गांव नगला अजीता निवासी महेंद्र (55) की आंधी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह पिछले 15 वर्षों से आगरा कैंट क्षेत्र में लोडिंग रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी अचानक मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। दूसरी ओर, अछनेरा क्षेत्र के गांव बरोदा में शुक्रवार रात करीब 11 बजे पीड़ित दीवान सिंह के मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में परिवार का कोई सदस्य हताहत नहीं हुआ।
विज्ञापन


पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र में शुक्रवार रात बारिश के साथ आई तेज आंधी तूफान के कारण तबाही मच गई क्षेत्र में लगे विद्युत पोल और हरे पेड़ धराशाई हो गए तो वहीं एक परिवार के लिए काल बन गई। मछला देवी (52) पत्नी दयाशंकर शुक्रवार रात अपने पति के साथ घर के पास बने पशुओं के बाड़े में मौजूद थीं। बाड़े की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दंपती एक पशु भैंस दब गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर महिला और उसके पति को बाहर निकाला और उपचार के लिए फतेहाबाद के अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत होने पर चिकित्सकों ने मछला देवी को आगरा रेफर कर दिया, जहां अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। वही उसके पति दयाशंकर का इलाज अस्पताल में जारी है। वहीं आंधी के कारण क्षेत्र में 29 विद्युत पोल टूट गए, जिससे कस्बा पिनाहट सहित कई फीडरों की बिजली आपूर्ति करीब 18 घंटे तक बाधित रही।

अछनेरा में आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच बाइक से घर लौट रहे युवक की बाइक रायभा-कठवारी मार्ग स्थित गांव नगला पुनः के पास बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अंधेरे और बारिश के कारण रातभर किसी को हादसे की भनक नहीं लगी और शव पूरी रात पानी में पड़ा रहा। शनिवार सुबह मृतक की शिनाख्त रोहतास (28) पुत्र हरिभान सिंह, निवासी गांव कचोरा के रूप में हुई।
आंधी और बारिश ने शुक्रवार की रात पाठकपुरा बिजली घर क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। मलियाखेडा-शाहपुर गुर्जर गांव की एचटी लाइन के 20 खंभे टूटे हैं। लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। दर्जन भर से ज्यादा पेड़ टूटने से भी बिजली की लाइनें प्रभावित हुई हैं। बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त होने से 18 गांव अंधेरे में डूब गए हैं। पाठकपुरा के जेई कमलेश कुमार शर्मा ने बताया टीमें लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हैं।
फतेहाबाद। शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने फतेहाबाद क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। आंधी और बारिश से 12 विद्युत पोल और चार ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे आधा दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं सैकड़ों पेड़ गिरने के साथ कई मकानों पर लगे टिनशेड भी क्षतिग्रस्त हो गए। पिन्नापुरा निवासी राजवीर पुत्र सूरजभान के मकान पर पड़ी टीन उड़कर क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं चर्रपुरा गांव में भोला और चिरौंजी के घरों पर लगी टीन शेड भी आंधी में टूट गई। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव गढ़ी जहान में अजमेर सिंह के घर की टीन शेड तेज हवाओं में उड़ गई। खेरागढ़ खंड के कुल 11 सबस्टेशन क्षेत्रों में तांतपुर, जगनेर, सैंया और कागारौल तक 40 से अधिक पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। अधिशासी अभियंता राम सेवक राम ने बताया विभाग को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
लादूखेड़ा में हाई टेंशन लाइन में फाॅल्ट के चलते लादूखेडा विद्युत उपकेंद्र से संचालित 25 गांवों में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। शुक्रवार को शाम 7.30 बजे गयी लाइट शनिवार सुबह 9.30 बजे आई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें